:: क्या बतलायें दिल की बातें ::


 ना सोने से दिन लगते अब, ना चाँदी-सी रातें हैं

क्या बतलाएँ, किसे सुनाएँ, दिल में कितनी बातें हैं

 

पतझड़ भी मधुमास बना था, इक दूजे की बाँहों में

तन-मन महके-महके थे जब फूल खिले थे राहों में

तुम बिन बदली-बरखा-सावन, बरस-बरस तरसाते हैं

 

तेज़ भागती रेल ज़िंदगी, पीछे सब कुछ छूट गया

ऐसा झटका दिया वक़्त ने, दर्पण-सा दिल टूट गया

आँसू अक्षर-अक्षर बनकर, छन्द-गीत लिखवाते हैं

 

बरसाती आँखें तो पल-पल, राह तुम्हारी सींच रहीं

साँसे अटकी-अटकी सी हैं, लगता तुमको खींच रहीं

अम्बर से चंदा और तारे अंगारे बरसाते हैं

 

होठों ने हाथों पर मेरे, जिस दिन अक्षर प्यार लिखा

लाज से फिर रँग गई हथेली, स्वर्ग-सा ये संसार दिखा

भीगी पलकें, सूखी अलकें, मिली चन्द सौग़ातें हैं

 

जाने कब वे दिन आएँगे, दूर करेंगे तनहाई

बस सपने में ही बज उठती, मेरे मन की शहनाई

जग सूना है, दुःख दूना है, यादों की बारातें हैं

 

 
 
     
   
 
     
 
 

युगों-युगों का साथ हमारा, ये दूरी क्या दूरी है

बरसों पहले भरी थी तुमने, मांग मेरी सिंदूरी है

मौत जुदा ना कर पाएगी, जनम-जनम के नाते हैं

 
 
 
 

मुख्य पृष्ठ | कृतियां | अपनों की नज़र में | अपनी विशेष सूची में जोड़ें | सम्पर्क

 

परिचय | गीत | मुक्तक | छन्द | कविता | व्यंग्य रचनायें | व्यंग्य गीत | ग़ज़ल | चित्र दीर्घा  | मित्र को बतायें | अपने विचार लिखें | प्रैस

 

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2006 | इ-मेल: mail@madhumohini.com