|
महीने के अन्तिम
सप्ताह में हमारे
आठ साल पुराने
टी पाट का
हैन्डिल टूटने लगा
कड़की के
दिनों में अचानक
कई जगह से हमसे
रूठने लगा
हमने कहा
जहाँ आठ साल
साथ निभाया है वहीं
आठ दिन
और निभा दो
अन्तिम सप्ताह में
कम से कम
तुम तो न सज़ा दो
देखते नहीं डिब्बों
के भीतर का नज़ारा
देशी घी का डिब्बा
पिछले तीन माह से
चिल्ला रहा है या तो
मेरा लेबल छुड़ा दो या
मुझमें से
वनस्पति घी
उड़ा दो
व्यर्थ में दिखावा |
|
क्यों करती हो
मैं न सही
वनस्पति और तेल तो है
तुम्हारे इस घर में
जीवन का खेल तो है
सामने की बस्ती में झाँको
उनकी भूख की
गहराई आँको
अरे ! तुम तो
अन्तिम सप्ताह में ही
मचल रही हो
तुम्हारे यहाँ
अन्तिम सप्ताह के बाद
फिर मास का
प्रथम सप्ताह
तो आता है
किन्तु वहाँ मास
का प्रथम सप्ताह भी
अन्तिम साँस ही लाता है
इसलिए अपने
इस तेल में से
थोड़ा सा तेल
उनके जीवन के
दियों में डालो
अरे ! पूरे देश को
न सही दो चार को तो
बुझने से बचा लो |